नियमित नियुक्तियों से अतिथि शिक्षक प्रभावित — माध्यमिक अतिथि शिक्षक संघ ने जताया आक्रोश
देहरादून।
माध्यमिक अतिथि शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विवेक यादव ने कहा है कि सरकार की ओर से की जा रही नियमित नियुक्तियों से अतिथि शिक्षक लगातार प्रभावित हो रहे हैं, जबकि शिक्षा मंत्री द्वारा सार्वजनिक मंच से यह घोषणा की गई थी कि अतिथि शिक्षकों को नियमित नियुक्तियों से प्रभावित नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीते मंगलवार को देहरादून में आयोजित एलटी शिक्षकों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने यह स्पष्ट कहा था कि अतिथि शिक्षकों की सेवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, किंतु उसी दिन कई स्थानों पर अतिथि शिक्षकों की जगह पर नई नियुक्तियां कर दी गईं। इस कारण अनेक अतिथि शिक्षक प्रभावित हुए हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है।
विवेक यादव ने कहा कि कई विद्यालयों में पद रिक्त होने के बावजूद भी अतिथि शिक्षकों को हटाया जा रहा है। दर्जनों अतिथि शिक्षक अब तक प्रभावित हो चुके हैं और संख्या और बढ़ने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा भी पूर्व में यह आश्वासन दिया गया था कि सीधी भर्ती से अतिथि शिक्षकों को प्रभावित नहीं किया जाएगा, किंतु जमीन पर स्थिति इसके विपरीत है।
पूर्व प्रदेश महामंत्री दौलत जगूड़ी ने कहा कि 2015 से कार्यरत अतिथि शिक्षकों के लिए सरकार ने अब तक कोई स्थायी नीति नहीं बनाई है। केवल वेतन वृद्धि और पदों को रिक्त न माने जाने जैसे मुद्दों पर आश्वासन दिए गए, किंतु धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि “जहां दस वर्ष की सेवा के बाद सरकार को अतिथि शिक्षकों के लिए स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए थी, वहां आज भी उन्हें हटाकर नियमित नियुक्तियां दी जा रही हैं। यह अतिथि शिक्षकों के साथ बहुत बड़ा अन्याय है।”
