सड़कें होंगी साफ, अतिक्रमणकारियों की खैर नहीं :विकास शर्मा
सड़क पर दुकान का सामान रखने और नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने और वालों पर होगी कार्रवाई
रुद्रपुर। त्योहारों के मद्देनज़र शहर की सड़कों को जाम से मुक्त रखने और बाजार की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मंगलवार शाम महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल के नेतृत्व में नगर निगम, पुलिस, यातायात विभाग और व्यापार मंडल पदाधिकारियों की संयुक्त टीम ने पैदल भ्रमण कर मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सड़कों पर लगी ठेलियां हटवाई गईं और दुकानदारों द्वारा सड़क पर फैलाया गया सामान जब्त कर चेतावनी दी गई। महापौर ने सख्त लहजे में कहा कि यह अंतिम चेतावनी है। इसके बाद यदि किसी ने तय सीमा का उल्लंघन किया तो उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई के साथ ही सामान भी जब्त किया जाएगा। इस दौरान निगम टीम ने सड़कों के दोनों ओर सफेद पट्टी खींचकर स्पष्ट सीमांकन भी कर दिया, जिसके बाहर अब दुकानदार सामान नहीं रख पाएंगे।
महापौर ने कहा कि शहर की सूरत तभी बदलेगी, जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझेगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बाजार न केवल जनता की सुविधा बल्कि व्यापारियों की वृद्धि के लिए भी ज़रूरी है।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, सीओ प्रशांत कुमार, यातायात निरीक्षक नरेन्द्र कुमार आर्य, चौकी इंचार्ज नवीन बुधानी, पियूष रंजन, देवभूमि व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, महामंत्री मनोज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष संदीप राव, पार्षद चिराग कालड़ा, पारस चुघ, राजेश कामरा, धर्मेन्द्र शर्मा, राजन राठौर, सुनील ठुकराल, राजेन्द्र कुमार, संदीप कुमार, अमित अरोरा समेत अनेक गणमान्य मौजूद रहे।
अग्रसेन चौक से हुई शुरुआत
निरीक्षण की शुरुआत अग्रसेन चौक से हुई। यहां जाम का कारण बनी फल की ठेलियों को तुरंत हटवाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद काशीपुर बाईपास और मुख्य बाजार की गलियों का दौरा कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया। कई स्थानों पर दुकानों के बाहर सड़क तक सामान फैला मिला, जिस पर महापौर और नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और कहा कि अब मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
व्यापारियों से सहयोग की अपील
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर को जाम से मुक्त करना केवल प्रशासन की ज़िम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें व्यापारियों और नागरिकों को भी भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि सड़कों पर सामान रखने की प्रवृत्ति से लोग बाजार आने से कतराने लगे हैं, जिससे कारोबार पर ही नकारात्मक असर पड़ रहा है। यदि व्यापारी सहयोग करें तो बाजार में रौनक लौट सकती है।
दीपावली बाज़ार गांधी पार्क में
महापौर ने घोषणा की कि दीपावली से पहले नगर निगम और पुलिस प्रशासन कड़े कदम उठाएंगे। इस बार दीपावली बाजार मुख्य बाजार से हटाकर गांधी पार्क में लगाया जाएगा। केवल स्थानीय पंजीकृत फड़ व्यापारी ही बाजार में दुकान लगा सकेंगे, बाहरी व्यक्तियों को अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके लिए सभी फड़ व्यापारियों को नगर निगम में पंजीकरण कराना होगा।
यातायात व्यवस्था में बदलाव
यातायात पुलिस ने मुख्य बाजार में शाम 4 से रात 8 बजे तक चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। वाहन पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था गांधी पार्क में की जाएगी। वहीं नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम रोजाना बाजार का निरीक्षण करेगी और अतिक्रमणकारियों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
