देहरादून

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देहरादून में ‘साड़ी गौरव मैराथन’ का आयोजन, महिलाओं ने दिखाया उत्साह

 

देहरादून, 08 मार्च 2026। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के गौरव, सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित ‘साड़ी गौरव मैराथन’ का आयोजन जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, देहरादून द्वारा महिला कल्याण विभाग उत्तराखण्ड के तत्वावधान में किया गया। पारंपरिक भारतीय परिधान साड़ी में आयोजित इस विशेष मैराथन में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए उत्साह और ऊर्जा का परिचय दिया।


मैराथन का शुभारंभ नारी निकेतन चौराहा, दून विश्वविद्यालय रोड से हुआ, जो दून विश्वविद्यालय मार्ग पर 2 किलोमीटर और 3 किलोमीटर की दूरी तक आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में दौड़ लगाकर समाज को महिलाओं की शक्ति, आत्मविश्वास और सक्रियता का संदेश दिया।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती गीता खन्ना रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाएं अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोते हुए हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही हैं।


मैराथन में जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, राजकीय नारी निकेतन तथा राजकीय बाल देखरेख संस्थाओं के अधिकारी-कार्मिकों के साथ निदेशालय महिला कल्याण के अधिकारी-कर्मचारियों और आम महिलाओं ने भी स्वेच्छा से भाग लिया। 70 से अधिक महिलाओं की सहभागिता से कार्यक्रम सफल रहा।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
2 किलोमीटर दौड़:
प्रथम: नविता
द्वितीय: रेखा चौहान
तृतीय: मीनू तड़ियाल
3 किलोमीटर दौड़:
प्रथम: गीता बहुगुणा
द्वितीय: रियांका
तृतीय: ऋतु
सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रतिभाग करने वाली महिला मानेश्वरी को उनके उत्साह और प्रेरणादायी सहभागिता के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस मैराथन का उद्देश्य यह संदेश देना है कि महिलाएं अपनी परंपराओं और संस्कृति को संजोते हुए जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही व्यस्त जीवनशैली के बीच महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना भी जरूरी है, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर परिवार, समाज और कार्यस्थल की जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी राजीव नयन, विधि अधिकारी समीक्षा शर्मा, कार्यक्रम प्रबंधक प्रीति उपाध्याय, राजकीय नारी निकेतन की अधीक्षिका सोनल राणा, मधु, पूजा सहित अन्य अधिकारी-कार्मिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Uma Shankar Kukreti