देहरादून

पहली ही बैठक में कड़े तेवर में दिखे एसएसपी देहरादून, चेकिंग, सत्यापन और अनुशासन पर सख्त निर्देश

देहरादून:-जनपद देहरादून का कार्यभार ग्रहण करने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने अपनी पहली ही बैठक में सख्त रुख अपनाते हुए समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों व शाखा प्रभारियों के साथ गोष्ठी की। बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान शत-प्रतिशत क्षमता के साथ कर्तव्य निर्वहन करने के स्पष्ट निर्देश दिए।


गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में दिन और रात नियमित रूप से प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़-भाड़ वाले स्थानों और मुख्य मार्गों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि अपराध पर नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो सके।

एसएसपी ने नगर और देहात क्षेत्रों में संयुक्त पुलिस टीमें गठित कर बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन हेतु व्यापक स्तर पर नियमित अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सत्यापन अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर भी विशेष जोर देते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधीनस्थों को आमजन के प्रति संयमित और मर्यादित व्यवहार रखने के लिए प्रेरित करें। जनता से दुर्व्यवहार से संबंधित किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, जनपद की यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने थाना पुलिस और यातायात पुलिस को आपसी समन्वय के साथ ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था में प्रभावी सुधार सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही उन्होंने ड्यूटी के प्रति उदासीनता बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

Uma Shankar Kukreti