त्योहारी मौसम में खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क: आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार
अपमिश्रण पर स्रोत तक होगी कार्रवाई, दैनिक रिपोर्टिंग अनिवार्य
देहरादून।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि त्योहारी मौसम के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आमजन को केवल शुद्ध, सुरक्षित एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री ही उपलब्ध हो।
आयुक्त ने बताया कि अपमिश्रण एवं घटिया खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत केवल बिक्री स्थलों पर ही नहीं, बल्कि खाद्य पदार्थों की निर्माण इकाइयों को भी चिन्हित कर स्रोत स्तर पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी जनपदों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि प्राथमिकता वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए।
डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि खाद्य सुरक्षा से जुड़ा यह अभियान महज औपचारिकता नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य की रक्षा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। विभाग इस विषय में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि अभियान के दौरान की गई प्रत्येक कार्रवाई की दैनिक रिपोर्टिंग अनिवार्य की गई है, जिससे कार्यवाही में पारदर्शिता बनी रहे और अभियान की प्रभावशीलता का निरंतर मूल्यांकन किया जा सके।
आयुक्त ने कहा कि विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहारी उल्लास के बीच नागरिकों को खाद्य सुरक्षा का पूर्ण भरोसा मिले और किसी भी प्रकार के मिलावटी अथवा असुरक्षित खाद्य पदार्थ आमजन तक न पहुँचे
