जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के दिये निर्देश

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कैम्प कार्यालय में रेलवे विभाग से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में काशीपुर-रामनगर आरओबी निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाकर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने उप जिलाधिकारी काशीपुर को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी आदेश दिये। साथ ही सर्विस रोड का कार्य दो दिन के भीतर पूर्ण कराने और सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने काशीपुर में प्रिया मॉल के समीप रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण के प्रस्ताव पर अपर जिलाधिकारी व उप जिलाधिकारी काशीपुर को रेलवे अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिये। इसी प्रकार काशीपुर रेलवे स्टेशन के आसपास जलभराव की समस्या से निपटने हेतु उप जिलाधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई, लोनिवि एवं नगर आयुक्त काशीपुर को संयुक्त सर्वे कर समाधान की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।बाजपुर रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण हेतु जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को उप जिलाधिकारी बाजपुर व रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने भूरारानी (रुद्रपुर) स्थित निर्माणाधीन अंडरपास कार्य को शीघ्र गति देने, जबकि छत्तरपुर-मटकोटा मोटर मार्ग पर आरओबी निर्माण के लिए एनएच, लोनिवि व रेलवे विभाग को साझा कार्ययोजना तैयार करने के आदेश दिये।
इसके अतिरिक्त, खटीमा-मझोला के बीच स्थित रेलवे फाटक के खोलने की संभावना पर उप जिलाधिकारी खटीमा व रेलवे विभाग को निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। चकरपुर-खटीमा अंडरपास में जल रिसाव को 15 अक्टूबर तक सुधारने और किच्छा गल्ला मंडी तथा पुलभट्टा क्षेत्र में अंडरपास निर्माण के प्रस्ताव पर निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने रेलवे विभाग से कहा कि सभी कार्य जनहित को ध्यान में रखते हुए किए जाएं। यदि रेलवे भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है तो रेलवे और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से उसका निराकरण करें।बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, व कई उप जिलाधिकारी सहित रेलवे के वरिष्ठ अभियंता शामिल रहे। वहीं डीआरएम इज्जतनगर भारत भूषण, उप जिलाधिकारी बाजपुर, एवं एनएचएआई के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
