Uttarakhandदेहरादून

वोट से जुड़ेगा गांव का भविष्य, प्रवासियों से गांव में मतदान की अपील — मधुसूदन बलूनी

 

देहरादून

मधुसूदन बलूनी भाजपा प्रदेश सह संयोजक लघु उद्योग प्रकोष्ठ एवं बलूनी फाउंडेशन ट्रस्टी सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा है कि वोट का रिश्ता अगर गांव से जुड़ेगा तो गांव की चिंता और विकास अपने आप जुड़ जाएगा। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अपने पैतृक गांव में ही करें।
भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक एवं बलूनी फाउंडेशन के अध्यक्ष मधुसूदन बलूनी इन दिनों ‘अपना वोट, अपने गांव’ अभियान को लेकर सक्रिय हैं। उन्होंने देश के विभिन्न शहरों में रह रहे उत्तराखंड के प्रवासियों से आग्रह किया है कि वे अपने गांव की मतदाता सूची में नाम दर्ज कराएं और मतदान के लिए गांव लौटें।
उन्होंने कहा कि गांव में मतदान करने से प्रवासी न सिर्फ अपनी संस्कृति, परंपरा और विरासत से जुड़े रहेंगे, बल्कि गांव के विकास की जिम्मेदारी भी स्वाभाविक रूप से महसूस करेंगे। इससे पर्व-त्योहारों, मेलों और पारिवारिक आयोजनों में सहभागिता बढ़ेगी और धीरे-धीरे वीरान होते गांव फिर से जीवंत हो सकेंगे।
मधुसूदन बलूनी ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी प्रवासियों से इस अभियान में जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रवासी समाज संगठित होकर गांव की मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराए, तो यह उत्तराखंड के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि ‘अपना वोट, अपने गांव’ अभियान उत्तराखंड के स्वर्णिम भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा और प्रवासी समाज इसमें निर्णायक भूमिका निभाएगा।

Uma Shankar Kukreti