Uttarakhand

कृषि उपयोग में पंजीकृत ट्रैक्टर-ट्रॉली का खनन में हो रहा प्रयोग, सरकार को हो रहा राजस्व का नुकसान

काशीपुर। नगर क्षेत्र में खनन कार्यों में मानकविहीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का धड़ल्ले से प्रयोग किया जा रहा है। कृषि उपयोग के लिए पंजीकृत ट्रैक्टरों का कमर्शियल इस्तेमाल खुलेआम जारी है। नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रही इन ट्रॉलियों से न केवल सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, बल्कि सरकार को भी गंभीर राजस्व हानि झेलनी पड़ रही है।

जानकारी के अनुसार कुंडेश्वरी मार्ग सहित कई अन्य मार्गों पर बिना फिटनेस और बिना परमिट के ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मिट्टी, बालू और गिट्टी ढोने में लगी हैं। वाहन मानकों की अनदेखी के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। जिस कारण लगातार ऐसे वाहन सड़को पर मौत बन कर दौड़ रहे हैं। विभाग ऐसे वाहनों के संचालन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब जिम्मेदार अधिकारियों के संरक्षण में चल रहा है, जिससे खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं।परिवहन विभाग के अधिकारी संदीप वर्मा ने बताया कि पिछले एक महीने के भीतर 40 टैक्टर ट्रॉलियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और मानकविहीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Shubham Mishra