कोटद्वार

मुंशी हरिप्रसाद टम्टा जी की पुण्यतिथि पर कोटद्वार में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी आयोजित

कोटद्वार, 23 फरवरी 2026।
जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार द्वारा कांग्रेस कार्यालय, जन सेवा केंद्र में उत्तराखंड के प्रख्यात समाज सुधारक, शिक्षाविद् एवं “पर्वतीय अंबेडकर” के नाम से विख्यात मुंशी हरिप्रसाद टम्टा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, युवाओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने टम्टा जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित वक्ताओं ने उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने शिल्पकार समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार, सामाजिक समानता और राजनीतिक अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनका जीवन सामाजिक न्याय, समानता और आत्मसम्मान का प्रेरणादायक उदाहरण है।
सभा के दौरान सामाजिक न्याय, शिक्षा का अधिकार, समान अवसर और दलित चेतना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार के जिला अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि “मुंशी हरिप्रसाद टम्टा जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के एक सशक्त आंदोलन थे। उन्होंने उस समय शिक्षा और समानता की अलख जगाई, जब समाज गहरे भेदभाव से जूझ रहा था।”
पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि “आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को केवल स्मरण तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने जीवन में उतारें। सामाजिक न्याय, समान अवसर और शिक्षा का अधिकार हर व्यक्ति तक पहुँचना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”
जिला कांग्रेस कमेटी ने संकल्प लिया कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शिक्षा, सम्मान और अधिकार सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Uma Shankar Kukreti