देहरादून

*सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में परेड ग्राउंड में 05 से 08 फरवरी तक सजेगा उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026*

*प्रेस क्लब देहरादून में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस, महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत*

*लोकसंस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का मंच बनेगा उत्तरायणी कौथिक महोत्सव*

*प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को मिलेगा ‘नंदा शिखर सम्मान’, राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित*

*वोकल फॉर लोकल को मिलेगा बढ़ावा, 13 जिलों के कारीगर लगाएंगे स्टॉल*

प्रेस क्लब देहरादून में उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026 की भव्य घोषणा
लोकसंस्कृति, परंपरा और आत्मनिर्भरता का संगम
देहरादून स्थित प्रेस क्लब देहरादून में आज चार दिवसीय उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026 को लेकर सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती गीता धामी द्वारा भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा, उद्देश्य, तिथियाँ और प्रमुख कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी गई।


बताया गया कि यह महोत्सव 05 फरवरी से 08 फरवरी 2026 तक परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोककलाओं और पारंपरिक विरासत के संरक्षण व संवर्धन के साथ-साथ समाज को प्रेरित करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है।

‘नंदा शिखर सम्मान’ से होंगे प्रेरणादायी व्यक्तित्व सम्मानित

महोत्सव के अंतर्गत प्रदेश के उन विशिष्ट व्यक्तित्वों को ‘नंदा शिखर सम्मान’ प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने साहस, परिश्रम और संकल्प से समाज व प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। यह सम्मान उत्तराखंड के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के करकमलों द्वारा प्रदान किया जाएगा।

वोकल फॉर लोकल को सशक्त मंच

महोत्सव की विशेष पहचान यह है कि उत्तराखंड के 13 जनपदों से आए कारीगर, किसान, शिल्पकार, लोक कलाकार, लघु उद्यमी और स्वयं सहायता समूहों की बहनें एक ही मंच पर अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। लगभग 100 स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे प्रतिभागियों को सशक्त बाज़ार और आत्मनिर्भरता का अवसर मिलेगा। यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की भावना को मजबूती देगी।

लोकसंस्कृति का जीवंत उत्सव

महोत्सव के दौरान पारंपरिक खानपान, स्थानीय उत्पाद, मिलेट्स, हस्तशिल्प और लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। बच्चों के लिए सांस्कृतिक व रचनात्मक प्रतियोगिताएँ तथा महिलाओं और बेटियों के लिए आत्म-सुरक्षा व सशक्तिकरण से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

भव्य शोभायात्रा से होगी शुरुआत

महोत्सव की शुरुआत 05 फरवरी को प्रातः 11 बजे परेड ग्राउंड, देहरादून से निकलने वाली दिव्य और भव्य शोभायात्रा से होगी। मां नंदा देवी एवं गोलज्यू महाराज जी सहित अन्य देवी-देवताओं की डोलियाँ, ढोल-नगाड़ों की गूंज और जौनसारी, गढ़वाली, कुमाऊँनी, गोर्खाली व पंजाबी वेशभूषा में सजी लोकसंस्कृति इस शोभायात्रा को यादगार बनाएगी।

सितारों से सजेगा सांस्कृतिक मंच

चार दिवसीय महोत्सव में प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों की प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें नरेन्द्र सिंह नेगी, पवनदीप राजन, ललित मोहन जोशी, बी.के. सामंत, सौरभ मैठाणी, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी, इंदर आर्या एवं रेशमा शाह सहित अनेक प्रतिष्ठित कलाकार शामिल होंगे।

आमंत्रण

अंत में देवभूमि उत्तराखंड की समस्त जनता, मीडिया बंधुओं और संस्कृति प्रेमियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनें, प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाएँ और उत्तराखंड की अनूठी लोकविरासत को जीवंत बनाए रखने में सहभागी बनें।
इस अवसर पर दायित्वधारी श्री गीताराम गौड़ जी सहित फाउंडेशन से जुड़े अन्य गणमान्य जन भी उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti