देहरादून

उत्तराखण्ड में आगामी SIR की तैयारियाँ तेज, 167 अतिरिक्त AERO की नियुक्ति

 

देहरादून। उत्तराखण्ड में आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) को सुचारु रूप से संपादित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) द्वारा बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। आयोग ने प्रदेश के 70 विधानसभा क्षेत्रों में 167 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) की नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है।
वर्तमान में प्रदेश की 70 विधानसभा क्षेत्रों में एसडीएम स्तर के 70 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और तहसीलदार स्तर के 268 AERO तैनात हैं। नए अधिकारियों की तैनाती के बाद अब प्रदेश में कुल 435 AERO आगामी SIR की प्रक्रिया का संचालन करेंगे।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोग द्वारा नियुक्त ये अतिरिक्त AERO केवल आगामी SIR के लिए तैनात किए गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, चकबंदी अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि “बीएलओ आउटरीच अभियान” के तहत बूथ लेवल ऑफिसरों (BLO) को मतदाताओं से संपर्क, समन्वय और संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान की नियमित मॉनिटरिंग ERO और AERO द्वारा की जाएगी, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
जिलावार नए AERO की तैनाती
प्रदेश के सभी 13 जिलों में नए AERO नियुक्त किए गए हैं, जिनका विवरण इस प्रकार है—
उत्तरकाशी: 11
चमोली: 20
रुद्रप्रयाग: 08
टिहरी गढ़वाल: 12
देहरादून: 13
हरिद्वार: 19
पौड़ी गढ़वाल: 20
पिथौरागढ़: 14
बागेश्वर: 03
अल्मोड़ा: 12
चम्पावत: 06
नैनीताल: 11
ऊधम सिंह नगर: 18
निर्वाचन आयोग की इस पहल से आगामी SIR प्रक्रिया अधिक प्रभावी, पारदर्शी और मतदाता-केंद्रित होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Uma Shankar Kukreti