देहरादून

उत्तराखंड एक सीमावर्ती संवेदनशील राज्य, लेकिन सरकार अ-संवेदनशील: सूर्यकांत धस्माना

हर मोर्चे पर फिसड्डी सरकार छिप रही ‘अर्बन नक्सल’ के जुमले के पीछे – कांग्रेस

देहरादून।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जनसरोकारों से जुड़े हर मुद्दे पर सरकार विफल रही है और अब 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए “अर्बन नक्सल” का नया जुमला उछालकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में श्री धस्माना ने कहा कि यदि राज्य में वाकई “अर्बन नक्सल गैंग” सक्रिय है तो सरकार बताए कि उसका सरगना कौन है और क्या इस बाबत केंद्रीय गृह मंत्रालय को जानकारी दी गई है?
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में दावा किया था कि देश से नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है, ऐसे में उत्तराखंड में यदि “अर्बन नक्सल” सक्रिय हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है क्योंकि राज्य की सीमाएं चीन (तिब्बत) और नेपाल से लगती हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार दो बार सत्ता में रहने के बावजूद जनता को निराश कर चुकी है और अब उसके पास तीसरी बार वोट मांगने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। बेरोजगारी चरम पर है, सरकार फर्जी आंकड़े पेश कर रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार विभागवार नियुक्तियों का श्वेतपत्र जारी करे।

श्री धस्माना ने कहा कि उपनल कर्मचारियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद “समान काम, समान वेतन” और नियमितीकरण के आदेशों पर सरकार ने अमल नहीं किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार, हत्या, बलात्कार की घटनाएं बढ़ी हैं और कई मामलों में सत्तारूढ़ दल के लोग खुद शामिल हैं। कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल, शिक्षा व्यवस्था लचर, और आपदा प्रबंधन पूरी तरह फेल है — धराली आपदा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है जहां सरकार आज तक मृतकों का सही आंकड़ा नहीं बता सकी।

श्री धस्माना ने कहा कि “भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फिसड्डी साबित हुई है और अब काल्पनिक मुद्दों और जुमलों के पीछे छिपकर जवाबदेही से भागने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस इस छलावे को जनता के सामने उजागर करेगी।”

पत्रकार सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के मीडिया सलाहकार सरदार अमरजीत सिंह, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, और महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष विपुल नौटियाल उपस्थित रहे।

 

Uma Shankar Kukreti