अल्मोड़ा

9 साल तक शादी का झांसा, फिर जाति का हवाला देकर इनकार: अल्मोड़ा में कांग्रेस नेता पर महिला ने दर्ज कराया मुकदमा

भिकियासैंण में कांग्रेस से जुड़े नेता पर महिला उत्पीड़न के गंभीर आरोप, नौ साल तक शादी का झांसा देने का मामला दर्ज

अल्मोड़ा: जिले के भिकियासैंण क्षेत्र में एक महिला ने congres से जुड़े एक नेता पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला उत्पीड़न, जालसाजी, ठगी और SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। मामला थाना भतरोजखान क्षेत्र का बताया जा रहा है।

पीड़ित महिला, जो ब्लॉक मुख्यालय में कार्यरत बताई जा रही है, ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि करीब नौ साल पहले उक्त नेता ने अल्मोड़ा के गोलू मंदिर में उससे शादी करने का दावा किया और मंगलसूत्र पहनाकर उसे अपनी पत्नी के रूप में साथ रखने लगा। इसके बाद दोनों लंबे समय तक साथ रहे और इस दौरान नेता महिला के घर भी आता-जाता रहा तथा परिवार के साथ भी समय बिताता रहा।

महिला का आरोप है कि इस दौरान नेता ने उसके सरकारी पद का फायदा उठाते हुए उससे गाड़ी, कपड़े, मकान का किराया और निजी खर्च के नाम पर लाखों रुपये भी लिए। नौ साल तक संबंध चलने के बाद जब महिला ने शादी को कानूनी रूप देने और रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही तो नेता और उसके परिवार ने यह कहकर मना कर दिया कि वे “नीची जाति” में शादी नहीं करते।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर नेता ने फोन पर महिला को धमकी दी और जो करना है कर लेने की बात कही। इसके बाद पीड़िता ने 9 मार्च को थाना भतरोजखान में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जब आरोपी के बासोट स्थित किराए के मकान पर पहुंची तो वह फरार बताया गया। इसके बाद अगले दिन पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची, मकान का ताला तोड़कर उसे सीज किया गया और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत अपने कब्जे में लिए गए।

सूत्रों के अनुसार पीड़िता का मेडिकल भी कराया जा चुका है और पिछले चार दिनों से उसे थाने में भी बुलाया जा रहा है। हालांकि अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर स्थानीय स्तर पर कई सवाल भी उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है इससे पहले वह कांग्रेस संगठन से भी जुड़ा रहा है और ब्लॉक अध्यक्ष स्तर पर पद पर भी रह चुका है।

अब इस पूरे मामले में नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस जांच के बाद पीड़ित महिला को न्याय दिला पाती है या फिर मामला दबाव के बीच उलझकर रह जाता है।या फिर महिला के आरोप झुटे साबित होते हैं ?

Uma Shankar Kukreti