देहरादून

यमकेश्वर मामला: महिला से अभद्रता का आरोपी पूर्व प्रधान पुणे से दबोचा गया

कोटद्वार।

यमकेश्वर थाना क्षेत्र में महिला के साथ मारपीट व अभद्रता के मामले में फरार चल रहे पूर्व प्रधान को पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अगस्त को यमकेश्वर निवासी एक महिला ने थाना यमकेश्वर में शिकायत दर्ज कराई थी कि किमसार के पूर्व प्रधान संदीप बिष्ट ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौच की और कपड़े फाड़ दिए। घटना के बाद से ही अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था और पुलिस को चकमा दे रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वहीं, अभियुक्त की शातिर प्रवृत्ति को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा उसकी शीघ्र गिरफ्तारी हेतु ₹2,500 का इनाम भी घोषित किया गया था।

थानाध्यक्ष यमकेश्वर अरविंद कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से अभियुक्त संदीप बिष्ट को पुणे (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया

इस कार्रवाई में पुलिस टीम में महिला अपर उपनिरीक्षक मनाली राठी, मुख्य आरक्षी प्रेम सिंह एवं आरक्षी लोकेश गिरी शामिल रहे

Uma Shankar Kukreti