किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण मक्का बीज उपलब्ध कराने के निर्देश
रुद्रपुर। आगामी खरीफ सत्र में किसानों को समय पर ग्रीष्मकालीन मक्का बीज उपलब्ध हो, इसके लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने मंगलवार को जिला सभागार में सिड्स प्लांट संचालकों व मक्का क्रय करने वाली कम्पनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
एडीएम मिश्र ने कहा कि ग्रीष्मकालीन धान के विकल्प के रूप में मक्का की फसल को बढ़ावा देने के लिए किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज की समय से आपूर्ति प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई मक्का बीज की कालाबाजारी करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश देते हुए एडीएम ने कहा कि “जन जन की सरकार-जन जन के द्वार” कार्यक्रम, किसान दिवस व कृषि गोष्ठियों के माध्यम से मक्का की खेती के प्रति किसानों को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही, मक्का कटाई के समय उत्पाद में नमी की समस्या के समाधान के लिए जिले में ड्रायर की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मक्का कटाई में प्रयोग होने वाले कृषि यंत्र किसानों को अनुदान पर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के.एम. यादव के साथ मक्का बीज विक्रय कंपनियों—कॉर्टेवा एग्रीसाइंस सीड्स, बायर क्रॉप साइंस लि., नुजिवीडू व एडवांट और मक्का उत्पाद क्रय कंपनियों—गुजरात अम्बुजा एक्सपोर्ट लि. सितारगंज, राकेट इंडिया प्रा.लि. रुद्रपुर, जेजीएन बायोफ्यूल प्रा.लि. सितारगंज व आईजीएल काशीपुर के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
