Uttarakhand

देहरादून में हरियाणा के युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस पर ताना चाकू

 

देहरादून के जाखन क्षेत्र स्थित जोहड़ी तिराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हरियाणा के भिवानी निवासी एक युवक ने अपनी हुंडई वरना कार बीच सड़क में खड़ी कर दी, जिससे लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने जब युवक को वाहन हटाने के लिए कहा तो वह पुलिसकर्मियों से ही उलझ गया और चाकू निकालकर डराने लगा।

मौके पर हंगामा बढ़ता देख जाखन चौकी से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। करीब छह पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर युवक को काबू में लिया और गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान विनय निवासी भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार एल्कोमीटर टेस्ट में युवक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। उसकी कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत सीज कर दिया गया है। आरोपी के पास से एक चाकू भी बरामद हुआ है।

पूछताछ में सामने आया कि युवक मानसिक तनाव और डिप्रेशन से गुजर रहा है तथा दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग, यातायात बाधित करने और पुलिस को धमकाने के मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Uma Shankar Kukreti