189 स्वास्थ्य शिविरों में 23,594 ने लिया लाभ, हज़ारों की हुई स्क्रीनिंग
उधम सिंह नगर। ‘स्वस्थ नारी सशक्त भारत’ स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आज 29 सितंबर को जनपदभर में 189 बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में कुल 23,594 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया।शिविरों में बड़ी संख्या में मरीजों की जांच व स्क्रीनिंग की गई। हाइपरटेंशन के 9,564, मधुमेह के 9,448, सर्वाइकल कैंसर के 29, ब्रेस्ट कैंसर के 1,566 तथा ओरल कैंसर के 4,114 मरीजों की जांच की गई। इसी के साथ ई–रक्तकोष हेतु 221 लोगों ने पंजीकरण कराया, जबकि 34 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।
शिविरों में महिलाओं और बच्चों पर विशेष ध्यान दिया गया। 1,972 गर्भवती महिलाओं का एएनसी चेकअप हुआ, 3,007 किशोरियों को माहवारी स्वच्छता संबंधी परामर्श दिया गया तथा 1,464 बच्चों को पोषण संबंधी काउंसिलिंग दी गई। वहीं 188 लाभार्थियों को एमसीपी कार्ड वितरित किए गए।इसके अलावा 3,292 लोगों की टीबी जांच की गई और 70 नए ‘निःक्षय मित्र’ बनाए गए। जनजागरूकता कार्यक्रमों से 11,598 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई तथा 104 लाभार्थियों के आभा-आईडी कार्ड भी बनाए गए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने उप जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों व चिकित्सा कर्मियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक लाभार्थी को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सेवा से वंचित न रह सके।
