देहरादून में देर रात सड़क हादसा, 26 वर्षीय महिला की मौत
देहरादून: राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल है। पुलिस ने हादसे के बाद कार चालक समेत दो युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 21-22 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:45 बजे 112 के माध्यम से कैनाल रोड पर दुर्घटना की सूचना मिली। राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची तो UP14DE-0052 नंबर की i20 कार क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे खड़ी मिली। वहीं स्कूटी UK07AD-5929 और मोटरसाइकिल UK02BO-7044 भी क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी थीं।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि i20 कार के चालक ने सड़क किनारे खड़े स्कूटर और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर सवार नैना राजपूत और निधि कश्यप घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
उपचार के दौरान मैक्स अस्पताल में नैना राजपूत (26), पत्नी अभिषेक मेहरा, निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला, देहरादून की मौत हो गई। वहीं निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने कार चालक सुमित यादव (20) निवासी काठबंगला बस्ती भाग-2 और उसके साथी हाशिम (24) निवासी सुमन नगर, राजपुर को हिरासत में लिया है। पूछताछ में चालक ने बताया कि काठबंगला से कैनाल रोड की ओर आते समय कार के ब्रेक नहीं लगे, जिसके कारण वाहन सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने में दाखिल कर दिया है। मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
