दुःखद सूचना! युवा ग्राम प्रधान के आकस्मिक निधन से द्वारीखाल क्षेत्र में शोक की लहर
द्वारीखाल
पौड़ी जनपद के द्वारीखाल ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत जसपुर के युवा ग्राम प्रधान का आकस्मिक निधन हो गया है। इस दु:खद खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामसभा जसपुर के ग्राम प्रधान दीपक कुमार गत दिवस अपनी बुआ के पास घट्टूगाड क्षेत्र के एक गांव में गया था। बताया गया कि आज प्रात: करीब 8 बजे वह अचानक बेहोश हो गए। इस पर परिजनों ने 108 को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची 108 वाहन में उन्हें ऋषिकेश अस्पताल ले जाया जा रहा था कि इसी बीच उन्होंने दम तोड़ दिया और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आज देर सायं ग्राम प्रधान के शव को ग्राम जसपुर लाया गया, जहां गांव वासियों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। वह अपने पीछे मां, पिता, वृद्ध दादी, पत्नी एवं डेढ़ साल के नन्हें बेटे को छोड़ गए हैं। मृतक की उम्र करीब 26-27 वर्ष बताई जा रही है।
दीपक कुमार के आकस्मिक निधन की दु:खद खबर के बाद उनके समर्थकों व परिचितों के शोक संदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगे।
द्वारीखाल ब्लॉक प्रमुख महेंद्र राणा ने कहा कि प्रधान दीपक कुमार के इस तरह अचानक निधन के कारण पूरा विकासखंड परिवार दुखी है। इस दु:ख की घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। श्री राणा ने कहा कि दीपक कुमार एक युवा मिलनसार व कर्मठ जनप्रतिनिधि थे। भगवान उनके परिवार को इस दु:खद व असहनीय घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

ग्राम प्रधान किनसुर दीपचन्द शाह ने भी युवा प्रधान दीपक कुमार के निधन पर गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने कहा कि दीपक कुमार ने अपने करीब डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में ग्राम पंचायत में अनोखी छाप छोड़ी है। उनके मृदुभाषी व्यवहार और विकासपरक कार्यशैली को हमेशा याद किया जाता रहेगा। शाह ने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में हम पीडि़त परिवार के साथ हैं।