रूद्रपुर के विकास के लिए करोड़ों की योजनाओं का मिला आश्वासन

रूद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान महापौर ने रूद्रपुर महानगर की विकास योजनाओं और नागरिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने करोड़ों की विकास योजनाओं को हरी झंडी देते हुए शीघ्र धरातल पर उतारने का आश्वासन दिया।
महापौर ने फाजलपुर स्थित इंटिग्रेटेड सॉलिड वेस्ट प्लांट के विस्तार के लिए 10 एकड़ अतिरिक्त भूमि आवंटन की मांग की। इससे कचरा निस्तारण की समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा। उन्होंने मुख्य बाजार और खेड़ा स्थित सब्जी मंडियों के निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपए की योजना पर भी चर्चा की, जो जाम की समस्या कम करने और कारोबारियों को व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध कराने में सहायक होगी।इसके अतिरिक्त, शिवनगर मोड़ पर 17.5 करोड़ की लागत से शॉपिंग कॉम्पलेक्स निर्माण, शहर में 15 किलोमीटर हॉट मिक्स सड़कों का निर्माण, गंगापुर व भूरारानी रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाने जैसी मांगें महापौर ने मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने इन योजनाओं को प्राथमिकता से लागू करने का आश्वासन दिया।यातायात जाम की समस्या पर भी महापौर ने चिंता जताई और मुख्य सड़कों व चौराहों के चौड़ीकरण तथा यातायात प्रबंधन के सुधार की आवश्यकता बताई। साथ ही, नजूल भूमि विवाद के स्थायी समाधान और कल्याणी नदी समेत शहर की नदियों व नहरों के पुनर्जीवन के लिए विशेष पैकेज की मांग की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रूद्रपुर को उत्तराखंड का तेजी से विकासशील औद्योगिक एवं वाणिज्यिक केंद्र बताया और कहा कि यहाँ विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंनेमहापौर विकास शर्मा को आश्वस्त किया कि शहर की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।यह बैठक रूद्रपुर के सतत विकास और समृद्धि की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
