Foodदेहरादून

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाई की दुकानों से लिए 9 नमूने

मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण और अवसान तिथि अंकित नहीं मिलने पर दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू

देहरादून। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए आम उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग देहरादून ने जांच अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड श्री विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई एवं बेकरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है।

इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून श्री रमेश सिंह ने बंजारावाला, मथुरावाला आदि क्षेत्रों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि एवं अवसान तिथि अंकित किए जाने की व्यवस्था की जांच की गई। निरीक्षण में ओम पाल स्वीट्स एवं डेयरी पर मिठाइयों की ट्रे में निर्माण तिथि तथा अवसान तिथि अंकित नहीं मिली, जिस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई शुरू कर दी गई। टीम ने संदेह के आधार पर घी एवं मिठाई के तीन विधिक नमूने भी जांच के लिए लिए।

वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर श्री संजय तिवारी ने हरबर्टपुर एवं विकासनगर क्षेत्र की विभिन्न मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। हरबर्टपुर में एक मिठाई की दुकान पर ट्रे में निर्माण एवं अवसान तिथि अंकित नहीं पाए जाने पर चालानी कार्रवाई शुरू की गई। इसके अतिरिक्त अशोक बेकर्स से संदेह के आधार पर रसगुल्ला एवं पेड़े के दो नमूने जांच हेतु लिए गए।

इसी तरह वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश श्री संतोष कुमार सिंह ने वीरभद्र रोड, तिलक रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण एवं अवसान तिथि अंकित किए जाने की जांच की गई। टीम ने संदेह के आधार पर बेसन के लड्डू, मिल्क केक, पेड़ा एवं ड्राई फ्रूट स्वीट्स के चार नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री विनय शंकर पांडेय के निर्देशानुसार सभी स्वीट्स एवं बेकरी संचालकों को खुली मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि तथा अवसान तिथि अंकित करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान कुल नौ खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।