जलभराव क्षेत्रों का एडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत शिविरों में भोजन-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
खटीमा। मानसून सीजन के मद्देनज़र मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य और अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने खटीमा क्षेत्र के जलभराव वाले विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेलघाट में जगबूढ़ा नदी, वार्ड संख्या-19 पकड़िया स्थित मुकरान नाला, राजीव नगर के खखरा नाला और खेतलसंडा खाम का जायज़ा लिया।
एडीएम उपाध्याय ने खेतलसंडा खाम स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर तहसील प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही भोजन एवं पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। प्रभावित परिवारों ने भोजन-पानी की व्यवस्था को संतोषजनक बताया। एडीएम ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि जब तक जलभराव की स्थिति समाप्त नहीं होती, तब तक शिविर में रहने वाले लोगों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था लगातार जारी रहे। साथ ही उन्होंने छोटे बच्चों के लिए दूध और पौष्टिक आहार की पर्याप्त व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद एडीएम उपाध्याय ने उप जिला चिकित्सालय खटीमा का निरीक्षण किया, जहाँ परिसर में जलभराव की समस्या सामने आई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर की आंतरिक सड़कों का चौड़ीकरण कराया जाए और ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत बनाकर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने खटीमा में निर्माणाधीन बस अड्डे का भी जायज़ा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश दिए कि गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और आगामी 15 दिनों के भीतर कार्य को हर हाल में पूरा किया जाए।एडीएम उपाध्याय ने कहा कि मानसून काल में जनता की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिला सदस्य सूरज धामी, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
