बाढ़ के पानी में डूब रहा था तेंदुए का बच्चा,ग्रामीण ने जान जोखिम में डालकर बचाया
पीलीभीत।गजरौला कला क्षेत्र के पिपरिया कॉलोनी में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब किसान अर्जुन मंडल (32) ने अपने खेतों का जायजा लेते हुए कटना नदी के किनारे पानी में फंसे तेंदुए के शावक को देखा। लगभग दो फीट गहरे पानी में छटपटा रहा यह नन्हा शावक अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा था।
अर्जुन ने बिना देर किए हिम्मत दिखाते हुए शावक को पानी से बाहर निकाला। काफी देर तक पानी में रहने के कारण शावक बुरी तरह कांप रहा था और बदहवास हालत में था। अर्जुन ने ग्रामीणों को सूचना दी और सभी ने मिलकर बोरे से ढककर उसे गर्माहट दी, जिससे कुछ देर बाद शावक संभलने लगा।उधर, वन विभाग को भी सूचना दी गई। विभागीय अधिकारी शेर सिंह ने बताया कि शावक को प्राथमिक उपचार के लिए डॉक्टरों के पास भेजा गया है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
गौरतलब है कि कटना नदी के किनारे गन्ना और धान की फसलें होने के चलते इस इलाके में अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही रहती है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि आपदाग्रस्त क्षेत्रों में वन्यजीवों की सुरक्षा और बचाव व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इंसानों और जानवरों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
