सड़क चौड़ीकरण के लिए मेयर ने नगर निगम की टीम के साथ किया निरीक्षण
हाईवे के चौड़ीकरण के लिए जल्द हटेगा अतिक्रमण
रुद्रपुर। नैनीताल हाईवे के चौड़ीकरण कार्य को गति देने के लिए नगर निगम की टीम ने बुधवार को महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में इंदिरा चौक से डीडी चौक तक का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों को सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे अतिक्रमण को जल्द हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर व उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडेय ने सड़क के दोनों ओर की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। महापौर ने बताया कि इंदिरा चौक से अटरिया मोड़ तक सड़क का चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके तहत दोनों ओर नाला व फुटपाथ का निर्माण होगा। साथ ही इंदिरा चौक और डीडी चौक पर लेफ्ट कट का व्यवस्थित निर्माण कर इन चौराहों पर यातायात को सुगम बनाया जाएगा।महापौर ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के साथ सौंदर्यीकरण भी करवाया जाएगा, जिसके अंतर्गत सड़क के किनारे पौधारोपण और बैठने की व्यवस्था होगी। काफी हद तक अतिक्रमण पहले ही हटाया जा चुका है, शेष अतिक्रमण भी जल्द हटाए जाएंगे। नगर निगम, पोस्ट ऑफिस व बीएसएनएल की दीवार को पीछे किया जाएगा, वहीं बिजली के पोल भी स्थानांतरित किए जाएंगे। महापौर ने आश्वासन दिया कि सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे पेड़ों को यथासंभव सुरक्षित रखा जाएगा।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ग्रह जनपद होने के कारण रुद्रपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के प्रयास जारी हैं। शहर को उत्तराखंड का मॉडल टाउन बनाना निगम का लक्ष्य है।इस मौके पर पार्षद चिराग कालरा, राजन राठौर सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही।
