Uttarakhand

नजूल की भूमि को नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण मुक्त कराया

रुद्रपुर। शनिवार को महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने किच्छा रोड हाईवे पर करीब दो एकड़ बेशकीमती नजूल भूमि से अतिक्रमण हटाकर करोड़ों की जमीन अपने कब्जे में ले ली। लाव-लश्कर और जेसीबी के साथ पहुंची टीम ने अवैध पक्के निर्माण तोड़ दिए और अतिक्रमणकारियों का सामान ज़ब्त कर लिया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।महापौर विकास शर्मा मौके पर खुद भी पहुंचे और पूरी कार्यवाही अपनी देखरेख में कराई। उन्होंने कहा कि यह अभियान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चल रहे ‘लैंड जिहाद विरोधी अभियान’ का हिस्सा है और ऐसे कब्जे कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

बताया जा रहा है कि किच्छा रोड पर कल्याणी नदी पुल के पास वर्षों से भू माफिया मंदिर की आड़ में इस जमीन पर कब्जा जमाए हुए थे। न सिर्फ कब्जा किया बल्कि भोले-भाले लोगों को गुमराह करके जमीन का कुछ हिस्सा बेच भी डाला। मामला न्यायालय तक पहुंचा और लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अदालत ने फैसला नगर निगम के पक्ष में सुनाया।फैसले के बाद नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, पुलिस बल और निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण ध्वस्त करवाए और पिलर लगाकर जमीन को कवर कर लिया। वहीं मंदिर को सुरक्षित रखा गया।महापौर ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि शहर में अन्य सरकारी जमीनों पर भी अगर कब्जे किए गए हैं तो जल्द खाली कर दें, वरना न केवल कार्रवाई होगी बल्कि कानूनी शिकंजा भी कसा जाएगा। उन्होंने कहा कि मुक्त कराई गई जमीन को बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव लाकर मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनकल्याणकारी कार्यों में इस्तेमाल किया जाएगा।

नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने साफ कहा कि चाहे कब्जाधारी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, नजूल भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाल ही में इसी भू माफिया के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है।इस कार्यवाही के दौरान अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, तहसीलदार दिनेश कुमार सहित नगर निगम की पूरी टीम और पुलिस फोर्स मौजूद रही। एडीएम ने नगर निगम की इस बड़ी सफलता की सराहना करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने की इस मुहिम को और तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा।

Shubham Mishra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *