रैपिडो चालक ही निकला चोरी का मास्टरमाइंड, दून पुलिस ने दबोचा
करीब 8 लाख रुपये की ज्वेलरी और चोरी का सामान बरामद, वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त
देहरादून, 15 नवंबर। राजधानी देहरादून में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना प्रेमनगर पुलिस ने एक महिला का सूटकेस और कीमती ज्वेलरी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए रैपिडो ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 8 लाख रुपये कीमत की ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त ऑटो को भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को आस्तिका यादव निवासी आनंद पुंडीर कैफे एंड रेस्टोरेंट, डूंगा, थाना प्रेमनगर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि रैपिडो ऑटो चालक उनका सूटकेस और अन्य सामान चोरी कर ले गया है। सूटकेस में कीमती ज्वेलरी भी रखी हुई थी। शिकायत के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा अपराध संख्या 243/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम को जल्द खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा रैपिडो कंपनी से संबंधित ऑटो चालक की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी।
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर झाझरा बैरियर चेक पोस्ट से आरोपी कमलेश कुमार (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मूल रूप से ग्राम नारायणपुर, थाना बरखेड़ा, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में जमनपुर, थाना सेलाकुई, देहरादून में किराये पर रह रहा था।
नशे की लत पूरी करने के लिए की चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी चोरी की गई ज्वेलरी बेचने के लिए बाहर भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ये सामान हुआ बरामद
- चोरी की गई महिला की ज्वेलरी और अन्य सामान।
- बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये।
- घटना में प्रयुक्त ऑटो संख्या UK07TE-1394।
पुलिस टीम में शामिल रहे
थानाध्यक्ष प्रेमनगर एसआई गिरीश नेगी, उपनिरीक्षक प्रद्युम्न सिंह नेगी (चौकी प्रभारी झाझरा), उपनिरीक्षक जगदंबा प्रसाद बहुगुणा, कांस्टेबल बृजमोहन सिंह, संदीप कुमार, श्रीकांत मलिक, मनोज कुमार तथा हेड कांस्टेबल किरण कुमार (एसओजी नगर)।
दून पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटना का खुलासा हुआ है और पीड़िता का करीब 8 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।

