Uttarakhand

पर्यावरण मित्र यूनियन सोनू मुल्तानी अध्यक्ष,अंकित महामंत्री बने

 

Shubham Mishra
Shubham Mishra

महापौर विकास शर्मा ने अध्यक्ष और महामंत्री का किया स्वागत

रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर की पर्यावरण मित्र यूनियन के चुनाव सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। चुनाव परिणामों में सोनू मुल्तानी को यूनियन का अध्यक्ष और अंकित आदिवासी को निर्विरोध महामंत्री चुना गया।नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत महापौर विकास शर्मा ने नगर निगम कार्यालय में किया। इस मौके पर महापौर ने दोनों को फूलमालाएं पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।

महापौर शर्मा ने कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि स्वच्छता के सैनिक समझा जाना चाहिए। नगर निगम उनकी हर जायज मांग के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। महापौर ने विश्वास जताया कि सोनू मुल्तानी और अंकित आदिवासी जैसे ऊर्जावान प्रतिनिधियों के नेतृत्व में यूनियन और अधिक सशक्त होगी तथा नगर की सफाई व्यवस्था में और सुधार होगा।अध्यक्ष सोनू मुल्तानी ने चुनाव में भरोसा जताने के लिए साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्रों की समस्याओं और अधिकारों की रक्षा उनकी प्राथमिकता रहेगी तथा हर मित्र को सम्मान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं महामंत्री अंकित आदिवासी ने कहा कि पारदर्शिता और एकजुटता के साथ यूनियन को मजबूत किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों के हितों की रक्षा हो सके और नगर निगम की सफाई व्यवस्था और बेहतर रूप ले सके। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, पर्यावरण मित्र तथा यूनियन के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

Shubham Mishra