पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय में पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी अवरोधक भवनों और संरचनाओं को शीघ्र शिफ्ट कराते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षाकाल समाप्ति की ओर है, ऐसे में एयरपोर्ट विस्तार से जुड़ी बाधाओं को जल्द से जल्द दूर किया जाए। उन्होंने वॉयोटैक भवन को एक सप्ताह के भीतर शिफ्ट कर ध्वस्तीकरण कार्य पूरा करने के लिए निदेशक वॉयोटैक को निर्देशित किया। साथ ही अधिशासी अभियंता विद्युत, उप जिलाधिकारी और पंतनगर विश्वविद्यालय के अधिकारियों को विद्युत लाइनों का संयुक्त निरीक्षण कर शीघ्र स्थानांतरण करने को कहा।
उन्होंने एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में आ रहे वृक्षों की पहचान कर उन्हें कटवाने हेतु उप जिलाधिकारी, वन विभाग, जीबी पंतनगर विश्वविद्यालय तथा एयरपोर्ट अधिकारियों को संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पीडी एनएचएआई को एनएच निर्माण कार्य के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर शीघ्र निर्माण प्रारंभ कराने के आदेश दिए।एयरपोर्ट परिसर में हो रहे जलभराव की समस्या का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग, एनएचएआई और पंतनगर विश्वविद्यालय को संयुक्त रूप से ड्रेनेज सर्वे कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि ड्रेनेज सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावी जल निकासी योजना बनाई जाएगी ताकि भविष्य में एयरपोर्ट संचालन सुचारु रह सके।बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, डीईएम जीबी पंतनगर विश्वविद्यालय बीएस चलाल, निदेशक पंतनगर एयरपोर्ट अनूप गुप्ता, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट व गौरव पाण्डेय, मुख्य कृषि अधिकारी एवं महाप्रबंधक टीडीसी डॉ. अभय सक्सेना, पीडी एनएचएआई विकास मित्तल, निदेशक वॉयोटैक डॉ. संजय कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत राजीव चक्रवर्ती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
