Uttarakhand

स्वच्छता ही सेवा-2025 ‘स्वच्छोत्सव’ अभियान 16 सितम्बर से होगा शुरु

रुद्रपुर । जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कैम्प कार्यालय में आयोजित बैठक में बताया कि जनपद में 16 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के साथ स्वास्थ्य शिविरों का भी व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि 16 सितम्बर को जिला मुख्यालय पर स्वच्छता ही सेवा-2025 ‘स्वच्छोत्सव’ अभियान की शुरुआत होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि 17 सितम्बर से 01 अक्टूबर तक सभी चिकित्सालयों में स्वास्थ्य शिविर लगाते हुए साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 01 अक्टूबर तक जनपद के सभी विद्यालयों में स्वच्छता शपथ, कला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता और स्वच्छ भारत सांस्कृतिक उत्सव आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर को नगर निकायों, ग्राम पंचायतों एवं विकासखण्ड स्तर पर लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। 16 सितम्बर को मुख्य कार्यक्रम नगर निगम द्वारा जिला मुख्यालय पर जबकि 17 सितम्बर को खटीमा में आयोजित किया जाएगा। साथ ही 16 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक होने वाली सभी गतिविधियों की वीडियोग्राफी और तस्वीरें जिला मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, नगर आयुक्त नरेश चन्द्र दुर्गापाल, परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी, एडीपीआरओ महेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी उप जिलाधिकारी और नगर निकायों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Shubham Mishra