Uttarakhand

श्रीरामकथा सुनने पहुंचे विधायक शिव अरोरा, व्यास गद्दी से लिया आशीर्वाद

रुद्रपुर। काशीपुर रोड स्थित नवरंग वाटिका में 4 सितम्बर से आरंभ हुई श्रीरामकथा का समापन बीती रात सुंदरकाण्ड पाठ के साथ हुआ। प्रयागराज से आए कथा वाचक शांतनु जी महाराज ने व्यास गद्दी पर बैठकर कथा के अंतिम चरण का रसपान कराया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा विशेष रूप से मौजूद रहे। वे कथा के प्रारंभिक दिवस पर निकली कलश यात्रा में भी सम्मिलित हुए थे।

विधायक ने कथा में शामिल होकर भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का श्रवण किया और कहा कि शांतनु जी महाराज ने प्रभु राम के आदर्श चरित्र का ऐसा वर्णन किया, जिसकी प्रत्येक बात मन और आत्मा को छू लेने वाली थी। उन्होंने कहा कि 9 दिनों तक चली यह श्रीरामकथा अत्यंत भव्य और दिव्य रही, और समापन दिवस पर रावण वध तथा श्रीराम के अयोध्या आगमन के प्रसंग पर भक्तों द्वारा फूलों की वर्षा के बीच वातावरण अलौकिक हो उठा।

कथा के अंतिम दिन विधायक शिव अरोरा भक्ति में झूमते नजर आए। उन्होंने व्यास गद्दी से आशीर्वाद प्राप्त कर भगवान राम की आरती की और पूरे क्षेत्र की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति के आचार्य पवन पांडेय और नवरंग वाटिका स्वामी को इस भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से सनातन संस्कृति को मजबूती मिलती है और समाज में भक्ति एवं आस्था का भाव निरंतर प्रगाढ़ होता है।कार्यक्रम में दूधिया बाबा शिवानंद महाराज, मनीष अग्रवाल, राजकुमार गाबा, डॉ. राहुल भारद्वाज, आलोक सक्सेना, हरनाम चौधरी, विपुल सिंह, मोहित गंभीर, मयंक कक्कड़, कपिल शर्मा, मुकेश पारीक सहित अनेक भक्त उपस्थित रहे।

Shubham Mishra