रूद्रपुर नगर निगम धूमधाम से मनाएगा सेवा पखवाड़ा : विकास शर्मा
रूद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे ’’सेवा पखवाड़ा’’ के तहत रूद्रपुर नगर निगम भी विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित करेगा। महापौर विकास शर्मा ने बताया कि नगर निगम इस पखवाड़े को ऐतिहासिक और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने के लिए पूरी तैयारियों के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने ने अपील की कि सेवा पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का पर्व है। इसलिए सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और नगर निगम कार्यकर्ताओं से आह्वान है कि वे बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इस जनकल्याणकारी पहल को सफल बनाएं।
16-17 सितम्बर को होंगे विशेष आयोजन
नगर निगम की ओर से 16 और 17 सितम्बर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्वच्छता अभियान, महिला हाट बाजार, बहुद्देशीय शिविर और नि:शुल्क चिकित्सा शिविर प्रमुख हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य शहरवासियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना है।
स्वच्छता ही सेवा अभियान
महापौर ने बताया कि पखवाड़े के दौरान ’स्वच्छता ही सेवा’ की भावना के साथ नगर में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा। 16 सितम्बर को डीडी चौक से पारले चौक और इंदिरा चौक से गावा चौक तक हाईवे पर विशेष टीमें बनाकर सफाई की जाएगी। इसके अलावा दानपुर से लापुर तक राजमार्ग पर आठ चिन्हित स्थलों पर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस कार्य में नगर निगम के साथ शहर के गणमान्य नागरिकों और सामाजिक संगठनों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
महिला सशक्तिकरण पर खास जोर
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 16 और 17 सितम्बर को वेंडिंग जोन में महिला हाट बाजार लगाया जाएगा। यहां नगर निगम से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के स्टॉल लगाए जाएंगे। इस पहल से महिलाओं को आर्थिक मजबूती के साथ स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों को भी बढ़ावा मिलेगा।
बहुद्देशीय शिविर और चिकित्सा सुविधा
सेवा पखवाड़ा के तहत वेंडिंग जोन के बाहर बहुद्देशीय शिविरों का आयोजन होगा। इनमें नागरिकों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी और ऑन-द-स्पॉट आवेदन का अवसर भी दिया जाएगा।
पर्यावरण मित्रों का होगा सम्मान
- महापौर ने बताया कि शहर की स्वच्छता में योगदान देने वाले पर्यावरण मित्रों को सम्मानित करते हुए स्वच्छता किट और पारितोषिक भी वितरित किए जाएंगे।
