स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर बनाए गए 46 परीक्षा केन्द्र, 18196 परीक्षार्थी होंगे शामिल
रुद्रपुर। उत्तराखण्ड अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा रविवार 21 सितंबर को आयोजित होगी। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कराई जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष कराने हेतु जनपद में 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 18196 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने जिला सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों, समन्वयकों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक ली। उन्होंने कहा कि परीक्षा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा ड्यूटी को अत्यंत महत्वपूर्ण मानते हुए सभी को समय पर प्रवेश व सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना होगा। प्रश्नपत्र सीसीटीवी की निगरानी में ही रखे व खोले जाएंगे। उप जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल, ब्लूटूथ, डिजिटल घड़ी या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित होगा। सभी परीक्षार्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति कराई जाएगी और बिना परिचय पत्र के किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। आयोग द्वारा लगाए गए जैमर की पूर्व जांच आवश्यक है। केंद्रों पर पर्याप्त पुलिसबल मौजूद रहेगा। विद्युत विभाग को परीक्षा के दौरान निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा अवधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू रहेगी। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, अधिशासी अभियंता विद्युत चंदन सिंह, जीएस कार्की, उप श्रमायुक्त केके गुप्ता, परिवहन कर अधिकारी नन्दन प्रसाद आर्य, सहायक निदेशक रेशम ममता चन्द, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफील जमील सहित आयोग प्रतिनिधि, सेक्टर मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।
