तीन पानी डाम के पुनर्निर्माण को मिली मुख्यमंत्री की मंजूरी
महापौर विकास शर्मा के आग्रह पर मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल हुआ निर्माण कार्य
रुद्रपुर। लंबे समय से क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का कारण बने तीन पानी डाम और पुलिया के पुनर्निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। महापौर विकास शर्मा के आग्रह पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस कार्य को अपनी घोषणा में शामिल करते हुए निर्माण की मंजूरी प्रदान कर दी है। शीघ्र ही शासन को प्रस्ताव भेजकर निर्माण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
खटीमा स्थित कैंप कार्यालय में महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर नगर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने वार्ड नंबर एक, फुलसुंगा क्षेत्र में स्थित तीन पानी डाम की खस्ताहाल स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। महापौर ने बताया कि डाम कई वर्षों से जर्जर अवस्था में है, जिससे बरसात के दौरान जलनिकासी बाधित हो जाती है। परिणामस्वरूप सड़कों पर जलभराव और आसपास की बस्तियों व घरों में पानी भरने की समस्या उत्पन्न हो जाती है।महापौर ने अवगत कराया कि हाल की भारी बारिश में डाम और पुलिया की स्थिति और भी खराब हो गई है। वर्तमान में केवल दोपहिया वाहन ही इस मार्ग से गुजर पा रहे हैं, जबकि राहगीरों और चारपहिया वाहनों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।समस्या की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर ही इस कार्य को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने की अनुमति दी। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया को निर्देशित किया कि शीघ्र विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजा जाए, ताकि निर्माण कार्य में विलंब न हो।महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय के लिए आभार प्रकट करते हुए बताया कि लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसके पूरा होने पर हजारों लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और क्षेत्र में आवागमन भी सुगम हो सकेगा।
