Uttarakhand

काशीपुर में बिना अनुमति जुलूस में पथराव, मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़

काशीपुर। उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में रविवार को बिना प्रशासनिक अनुमति के निकाला गया ‘I Love मोहम्मद’ जुलूस अचानक विवादों में घिर गया। जुलूस के दौरान पथराव, मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं, जिससे शहर का माहौल बिगड़ गया। उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया, हालांकि पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया और क्षेत्र में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 4 सितंबर को उत्तर प्रदेश के कानपुर में ‘I Love मोहम्मद’ का पोस्टर लगाए जाने पर स्थानीय हिंदू संगठनों ने विरोध जताया था। इसके बाद यूपी पुलिस ने 25 युवकों पर मुकदमा दर्ज किया था। तभी से इस कार्रवाई के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन जारी है, जो अब उत्तर प्रदेश से निकलकर महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तराखंड तक पहुंच गया है। रविवार शाम काशीपुर के अली खां क्षेत्र से जुलूस निकाला गया था। बिना अनुमति किए गए इस आयोजन में अचानक उपद्रव मच गया। उपद्रवियों ने न सिर्फ पत्थरबाजी और मारपीट की बल्कि पुलिस पर भी हमला बोल दिया, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटनास्थल पर मौजूद एसपी सिटी अभय सिंह और पुलिस बल ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए स्थिति पर नियंत्रण पा लिया। पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी है और CCTV व अन्य वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।

नेताओं की भूमिका पर उठे सवाल

पुलिस जांच में समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता नदीम अख्तर और उसके साथियों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि उपद्रव में शामिल सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की अपील

शहर में फिलहाल शांति बनी हुई है। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में कानून का शासन है और किसी को भी माहौल बिगाड़ने या गुंडागर्दी की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Shubham Mishra