जिलाधिकारी ने मोहल्ला अली खां का किया निरीक्षण
तीन दिनों में 401 राशन कार्ड का सत्यापन,83 अपात्र का निरस्तीकरण
काशीपुर। मोहल्ला अली खां में हाल ही में हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने स्पष्ट कहा कि अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा।
जिलाधिकारी ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ मोहल्ला अली खां क्षेत्र का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अतिक्रमण हटाए गए स्थलों की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त को नालियों की सफाई के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर पुनः अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।एसपी कार्यालय में आयोजित हुई बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में नालियों से अतिक्रमण हटाने और सफाई कराने के साथ हाउस टैक्स तथा दुकानों के लाइसेंस की जांच की जाए। उन्होंने मोहल्ले में रह रहे लोगों का सत्यापन करने, वोटर लिस्ट, विद्युत संयोजन, पेयजल और राशन कार्ड का शत-प्रतिशत सत्यापन करवाने के आदेश दिए।जिलाधिकारी ने पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी को आदेश दिया गया कि जिन उपभोक्ताओं के विद्युत बिल लंबित हैं या जिन घरों में अवैध संयोजन हैं, उन्हें नोटिस जारी किए जाएं। पूर्ति अधिकारी को भी राशन कार्ड सत्यापन अभियान चलाने और अपात्र पाए जाने वालों के कार्ड निरस्त करने के निर्देश दिए।क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक ने बताया कि तीन दिनों में 401 राशन कार्ड का सत्यापन किया गया, जिनमें से 83 अपात्र पाए गए और निरस्तीकरण की संस्तुति कर दी गई है। नगर आयुक्त रविन्द्र बिष्ट ने जानकारी दी कि मोहल्ला अली खां में करीब 200 अतिक्रमण हटाए गए हैं। वहीं, उपखंड अधिकारी महक मिश्रा ने बताया कि सत्यापन के दौरान 13 विद्युत संयोजन कमियां पाए जाने पर काट दिए गए।जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनता से अपील की कि अफवाहों पर कतई ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन अतिक्रमण के खिलाफ निरंतर अभियान चलाता रहेगा और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक अभय सिंह, नगर आयुक्त रविन्द्र बिष्ट, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चन्दोला, उपखंड अधिकारी महक मिश्रा, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक मलकीत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
