मुख्य बाजार और सिविल लाइन की सड़कों का शुरू होगा निर्माण कार्य
व्यापारियों की सहमति से रात्रि में चलेगी मशीनें
रुद्रपुर। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शहर के जर्जर हो चुके मुख्य बाजार और सिविल लाइन क्षेत्र की सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। विधायक शिव अरोरा ने सोमवार को व्यापार मंडल और स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक कर लोक निर्माण विभाग को जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। तय किया गया कि सड़क निर्माण का कार्य रात्रि में बाजार बंद होने के बाद होगा, ताकि दिन में व्यापार सुचारु रूप से चलता रहे।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि राज्य योजना से स्वीकृत करीब दो किलोमीटर लंबे हॉटमिक्स मार्ग का शिलान्यास उन्होंने बरसात से पूर्व पंजाबी मार्केट गली में किया था। मगर, प्रदेश में भारी मानसून के चलते निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। अब मौसम खुलने के साथ ही लोक निर्माण विभाग इन सड़कों के नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू करेगा। बैठक में व्यापारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि व्यापार बाधित न हो इसके लिए रात्रि में सड़क निर्माण का निर्णय उचित है। विधायक ने कहा कि बाजार में त्योहारों का सीजन चल रहा है, ऐसे में व्यापारियों और ग्राहकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।उन्होंने बताया कि जिन मार्गों का नवीनीकरण होना है उनमें डॉक्टर कॉलोनी–सिविल लाइन रोड, पंजाबी मार्केट, वीर हकीकत राय मार्ग, गुप्ता मेडिकल गली, गुरुद्वारा गोल मार्केट, पांच मंदिर मार्ग समेत कई सड़कें शामिल हैं। ये सभी सड़कें पिछले दस वर्षों से अधूरी पड़ी थीं और बरसात के दौरान बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई थीं।विधायक शिव अरोरा ने कहा कि इन मार्गों के निर्माण से ग्राहकों का आवागमन सुगम होगा और व्यापारियों के कारोबार में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों से पूर्व हर हाल में निर्माण कार्य पूरा किया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
