Uttarakhand

रुद्रपुर के भूरारानी इलाके में भीषण अग्निकांड, लाखों का नुकसान

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। शहर के भूरारानी क्षेत्र स्थित एक पाइप गोदाम में बुधवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में रखे लाखों रुपये के पाइप व अन्य सामान कुछ ही पलों में जलकर राख हो गए।आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें आसपास के घरों तक पहुंच गईं। हालात बिगड़ते देख मोहल्ले के लोग अपना सामान छोड़कर घरों से बाहर निकल आए।

विस्तार पाते हादसे में कई घरों में रखा सामान भी पूरी तरह से नष्ट हो गया। जानकारी के अनुसार, नुकसान का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत और गुस्सा दोनों है।आग की सूचना मिलते ही रुद्रपुर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई। लेकिन आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण दिखा, जिस कारण किच्छा, पंतनगर और सिडकुल से भी दमकल टैंकर मौके पर बुलाने पड़े। अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं, साथ ही आग के कारणों और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है।घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। लोगों ने गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन सिस्टम पर गंभीर सवाल उठाए हैं। निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते पुख्ता सुरक्षा उपाय किए गए होते, तो इतनी बड़ी घटना को टाला जा सकता था। फिलहाल प्रशासन मौके पर हालात काबू में करने की कोशिश कर रहा है और नुकसान का आंकलन चल रहा है।

Shubham Mishra