मीट की दुकान पर मिली भारी गंदगी, नगर आयुक्त ने काटा चालान
काशीपुर । नगर निगम की ओर से शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तीसरे दिन अल्ली खां मोहल्ले में बड़ी कार्रवाई हुई। अभियान के दौरान नगर आयुक्त ने एक मीट की दुकान में भारी गंदगी पाई, जिसके बाद मौके पर ही ₹5000 का चालान काटा गया।
कार्यवाही के दौरान नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट को दुकान के अंदर की स्थिति देखकर हैरानी हुई। मीट की कटाई वाले स्थान पर भारी गंदगी फैली हुई थी। इसके अलावा, एक गोदाम में बड़ी संख्या में मुर्गियों को अमानवीय तरीके से बंद कर रखा गया था। जांच में पता चला कि दुकान संचालक फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के नियमों का पालन नहीं कर रहा था। कटाई के बाद बचे हुए अपशिष्ट को एक ड्रम में जमा करके रखा गया था, जिससे दुर्गंध और गंदगी फैल रही थी।इसके अतिरिक्त, संचालक के पास दुकान चलाने का कोई ट्रेड लाइसेंस या अन्य वैध दस्तावेज नहीं मिला। नगर आयुक्त ने मौके पर ही सख्त रुख अपनाते हुए पांच हजार रुपए का जुर्माना लगाया और उसे तुरंत साफ-सफाई के निर्देश दिए। इस कार्रवाई से अन्य दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया है। नगर निगम ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
