Uttarakhand

गांधी पार्क में चला वृहद स्वच्छता अभियान, महापौर ने बच्चों को बनाया ब्रांड एंबेसडर

रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत गुरुवार को नगर निगम रुद्रपुर द्वारा गांधी पार्क में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान में निगम कर्मचारियों, स्कूली बच्चों, सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।

 

गुरुवार सुबह महापौर व नगर आयुक्त ने झाड़ू लगाकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने पार्क की सफाई की और महापुरुषों की प्रतिमाओं को चमकाया। इस अवसर पर महापौर ने मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने अभियान में भाग लेने वाले बच्चों को नगर निगम का ब्रांड एंबेसडर घोषित किया।महापौर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच व दृष्टिकोण ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से देशभर में स्वच्छता की क्रांति का शुभारंभ किया है। गांधी पार्क की सफाई इसी मिशन का हिस्सा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भी तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में विकास के साथ स्वच्छता को भी शीर्ष प्राथमिकता मिल रही है।महापौर ने बताया कि हाल ही में निगम ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को ब्रांड एंबेसडर बनाया था और अब इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए स्कूली बच्चों को जोड़ा गया है। 2 अक्टूबर को इन विद्यार्थियों को सम्मानित कर निगम की ओर से आईडी कार्ड दिए जाएंगे। ये बच्चे भविष्य में शहर में निगम की स्वच्छता अभियानों का चेहरा बनेंगे और जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। महापौर ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता केवल निगम या सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक का सामूहिक कर्तव्य है।नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने कहा कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल कचरा हटाना नहीं, बल्कि जनता को सहभागिता के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही एक स्वस्थ और खुशहाल समाज की कुंजी है।अभियान में उपनगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, सहायक नगर आयुक्त राजू नवियाल, रणदीप, मनोज कर्नाटक, पार्षद पवन राणा, सुरेश गोरी, विजय कुमार, सोनू मुल्तानी सहित कई वार्डों के पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

Shubham Mishra