ई-रिक्शा चालकों को राहत, रजिस्ट्रेशन की अवधि एक माह और बढ़ी
काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने ई-रिक्शा चालकों की मांग पर बड़ा फैसला लेते हुए नगर निगम में चल रहे रजिस्ट्रेशन की अवधि एक माह के लिए बढ़ा दी है। अब चालक 8 नवंबर तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। महापौर ने कहा कि यह ई-रिक्शा चालकों के लिए अंतिम अवसर है और इसके बाद किसी भी प्रकार की अतिरिक्त मोहलत नहीं दी जाएगी।
भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में रिक्शा यूनियन पदाधिकारियों और चालकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में महापौर से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन देकर बताया था कि नगर निगम द्वारा रजिस्ट्रेशन की समय सीमा 24 सितंबर से 8 अक्टूबर तक निर्धारित की गई थी, जो त्योहारों और बरसात के कारण बहुत कम साबित हो रही है। चालकों को रजिस्ट्रेशन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।इस पर महापौर दीपक बाली ने ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं को समझते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए अवधि वृद्धि का निर्णय लिया। अब चालक निर्धारित शुल्क और दस्तावेजों के साथ 8 नवंबर तक नगर निगम में अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
