देहरादून: भाजपा महिला मोर्चा ने किया कांग्रेस भवन का घेराव, राहुल गांधी से पूछे सवाल
प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने किया धरना-प्रदर्शन, कांग्रेस पर दोहरे चरित्र का आरोप
देहरादून, 10 अक्टूबर 2026। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट के नेतृत्व में शनिवार को भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए पार्टी नेतृत्व से सवाल पूछे गए।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के एक सांसद द्वारा कॉलेज में छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले में पार्टी दोहरा रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता लगातार अपने दोहरे चरित्र के माध्यम से समाज और देश में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।

रुचि भट्ट ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय अन्य विषयों को उठाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस पार्टी के सांसद पर छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगते हैं, तो पार्टी नेतृत्व चुप्पी साध लेता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के कथित व्यवहार की महिलाओं और आम जनता द्वारा कड़ी निंदा की जानी चाहिए। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या उनकी पार्टी के सांसदों का आचरण इसी प्रकार का है और ऐसे मामलों में कांग्रेस नेतृत्व अपना पक्ष स्पष्ट क्यों नहीं करता?
ये रहे उपस्थित
प्रदर्शन में प्रदेश प्रवक्ता कमली भट्ट, लक्ष्मी अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष भावना डोभाल, महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन सिंह, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, महानगर संगठन मीडिया प्रभारी माया राणा, मंडल अध्यक्ष सुनीता भट्ट सहित रानी, बबली चौहान, अंजु गोयल, अनीता सक्सेना, ममता नयाल, पुष्पा बटवाल समेत सैकड़ों महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
उत्तराखंड केसरी | देहरादून

