Saturday, November 21, 2026
यमकेश्वर

माँ के निधन पर भावुक हुए योगी आदित्यनाथ, पंचूर पहुंचकर किए अंतिम दर्शन; पीएम मोदी समेत कई दिग्गजों ने जताया शोक

देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन की खबर से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में शोक की लहर है।

मां के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से उत्तराखंड पहुंचे और पैतृक गांव पंचूर पहुंचकर अपनी मां के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान वह भावुक नजर आए।

हेलीकॉप्टर से बिथ्याणी पहुंचे योगी, फिर सड़क मार्ग से पंचूर गए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए वह यमकेश्वर स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी के हेलीपैड पर उतरे। इसके बाद सड़क मार्ग से अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और मां के अंतिम दर्शन किए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी अपनी मां को श्रद्धांजलि देते हुए ‘मां… ॐ शांति’ लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

विदाई के समय लिया था मां का आशीर्वाद

जानकारी के अनुसार, लखनऊ रवाना होने से पहले योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां का आशीर्वाद लिया था। उस समय घर का माहौल भावुक हो गया था। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि मां-बेटे की यह आखिरी मुलाकात साबित होगी।

अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान योगी आदित्यनाथ ने महाविद्यालय परिसर में स्थापित अपने दिवंगत पिता आनंद सिंह बिष्ट की प्रतिमा का अनावरण और माल्यार्पण भी किया था।

2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद मां से लिया था आशीर्वाद

योगी आदित्यनाथ का जन्म पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में हुआ था। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण काल के दौरान निधन हो गया था। उस समय योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। कोरोना महामारी और लॉकडाउन के दौरान प्रशासनिक जिम्मेदारियों के चलते वह पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। उन्होंने एक पत्र जारी कर इस निर्णय के पीछे कोरोना प्रबंधन और प्रदेश की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को वजह बताया था।

वर्ष 2017 में पहली बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पहुंचे थे और मां से आशीर्वाद लिया था। इसके बाद भी वह समय-समय पर मां से मिलने और उनका हालचाल जानने पंचूर पहुंचते रहे।

पीएम मोदी ने फोन कर जताया दुख, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने भी दी श्रद्धांजलि

योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर मुख्यमंत्री से बात कर शोक संवेदना व्यक्त की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि मां का जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है।

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने जताया शोक

उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए योगी आदित्यनाथ एवं उनके समस्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। राज्यपाल ने इस कठिन समय में परिवार को धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी व्यक्त की संवेदना

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का साया जीवन का बहुत बड़ा संबल होता है और उनके जाने से उपजे दुख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है।

सीएम धामी बोले- मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की अनमोल पूंजी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भी शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की सद्गति और परिवार को दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पंचूर में हुई मुलाकात को किया याद

हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सावित्री देवी के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने शोक संदेश में बताया कि उन्हें योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव पंचूर में उनकी माताजी से मिलने और उनका स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला था। उन्होंने कहा कि सावित्री देवी का सरल, सहज और स्नेहिल व्यक्तित्व हमेशा स्मृतियों में रहेगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मां के स्नेह, संरक्षण और आशीर्वाद का अभाव हृदय को गहरी रिक्तता से भर देता है। उन्होंने भगवान बदरी-केदार से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

मायावती, ऋतु खंडूड़ी और अन्य नेताओं ने भी जताया शोक

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी सावित्री देवी के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने भी योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि मां का साया जीवन की सबसे बड़ी शक्ति और संबल होता है। उन्होंने बाबा सिद्धबली से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

वहीं, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि मां का दुनिया से चले जाना जीवन का सबसे बड़ा दुख होता है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कल हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार, 21 नवंबर को हरिद्वार में किए जाने की तैयारी है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब सात बजे पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना होंगे। वह सड़क मार्ग से लक्ष्मणझूला बैराज होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। नमामि गंगे घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।

मई में मां से आखिरी बार मिले थे योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी वर्ष 8 मई 2026 को हुई थी। उस दौरान वह उत्तराखंड दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे और घर पर मां के साथ समय बिताया था।

उत्तराखंड के छोटे से गांव पंचूर से निकलकर देश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान बनाने वाले योगी आदित्यनाथ के लिए मां का निधन व्यक्तिगत जीवन की बड़ी क्षति है। सावित्री देवी के निधन से उनके परिवार, शुभचिंतकों और समर्थकों में शोक का माहौल है।