Saturday, November 21, 2026
DIPRदेहरादून

उत्तराखंड में सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन पर अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला, सतत विकास के लिए बनेगी दीर्घकालिक कार्ययोजना

देहरादून, 19 नवंबर 2026।

उत्तराखंड में सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और सतत विकास को लेकर आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला के दूसरे दिन विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के नियोजन, निर्माण, संचालन और रखरखाव पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यशाला में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों, राज्य सरकार के अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने सार्वजनिक परिसंपत्तियों के प्रभावी प्रबंधन के लिए वैश्विक अनुभवों को साझा किया।

कार्यशाला के दौरान ISBT हाउसिंग सोसायटी एवं पार्किंग सुविधा, देहरादून, आयुष अस्पताल भवन एवं आवश्यक सेवाएं, शीशमबाड़ा स्थित सीवेज वेस्ट मैनेजमेंट सुविधा, ग्रामीण सामुदायिक केंद्रों को पर्यटन सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने, प्रदेशभर में पार्किंग सुविधाओं, कैंची मल्टीस्टोरी पार्किंग और ग्रामीण सड़क अवसंरचना सहित विभिन्न परिसंपत्तियों के रखरखाव, मूल्यांकन एवं प्रबंधन को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

इस दौरान सार्वजनिक परिसंपत्तियों के दीर्घकालिक उपयोग, संसाधनों के बेहतर सदुपयोग और उनकी कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग (UNDESA) की ओर से UN-IAM टूलकिट के उपयोग को लेकर भी विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।

कार्यशाला में अपर सचिव आशीष श्रीवास्तव, UNDESA के डॉ. डेनियल प्लात्ज सहित नेपाल, श्रीलंका, भूटान, केन्या और घाना से आए अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों तथा राज्य के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यशाला का उद्देश्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों के प्रबंधन में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करते हुए उत्तराखंड में सतत विकास की दिशा में प्रभावी एवं दीर्घकालिक व्यवस्था विकसित करना है।