Sunday, November 22, 2026
देहरादूनहरिद्वार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित कर योगी आदित्यनाथ से व्यक्त कीं शोक संवेदनाएं

 

हरिद्वार। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिवंगत माताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनकी पुण्य स्मृति को याद किया।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने इस दुःखद घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद, संस्कार और मार्गदर्शन प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं। मां का स्थान जीवन में सर्वोपरि है और उनका बिछड़ना ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं हो सकती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माता का स्नेह और आशीर्वाद जीवनभर संतान के साथ रहता है। मां के दिए संस्कार, जीवन मूल्यों और प्रेरणा से व्यक्ति कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की शक्ति प्राप्त करता है। पूज्य माताजी का निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है तथा इस दुःख को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है।

इस दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा श्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके समस्त शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

ॐ शांति। 🙏