राज्यपाल ने किया 118वें कृषि कुंभ किसान मेले का शुभारंभ
पंतनगर। महामहिम राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 118वें कृषि कुंभ किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया तथा विश्वविद्यालय की छह पुस्तकों का विमोचन कर प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया।
राज्यपाल ने नवनिर्मित सेमीकंडक्टर लैब व ऑडिटोरियम का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय हरित क्रांति की जन्मस्थली है और यहां से निकले किसान व वैज्ञानिक कृषि को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती, तकनीकी नवाचार और श्रीअन्न, शहद उत्पादन व सगंध पौधों की खेती को बढ़ावा देने की अपील की।राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा तैयार 350 से अधिक प्रजातियां किसानों तक पहुंचाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तीन बार सरदार पटेल एवार्ड मिला है।कार्यक्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी और सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 89 देशों को खाद्यान्न निर्यात कर रहा है। उन्होंने किसानों से “वोकल फॉर लोकल” को अपनाने और मिलेट उत्पादन बढ़ाने का आग्रह किया।कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि मेले में 503 स्टॉल स्थापित किए गए हैं। कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वैज्ञानिक, अधिकारी व किसान मौजूद रहे।
