दीपावली पर बिना अनुमति आतिशबाजी दुकानें नहीं लगेंगी: डीएम भदौरिया
रुद्रपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अतिशबाजी की दुकानों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन किये बिना लगाई गई आतिशबाजी दुकानों से आगजनी की आशंका रहती है, इसलिए ऐसी दुकानों को तुरंत बंद कराया जाए।
डीएम भदौरिया ने उप जिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि बाजारों और मोहल्लों में निरीक्षण अभियान चलाकर बिना अनुमति संचालित पटाखा दुकानों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी बिना अनुमति पटाखों की बिक्री हो रही हो, वहां निरीक्षण कर तत्क्षण चालान करते हुए दुकान बंद कराई जाए।डीएम ने उप जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिये कि आतिशबाजी की दुकानें लगाने की अनुमति केवल उन्हीं को दी जाए जो सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हों। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर व्यापारियों की बैठक कर उन्हें अनुमति प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों की जानकारी दी जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र और ओसी गौरव पाण्डेय उपस्थित रहे। सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी और तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
