31 हजार दीपों से जगमगाएगा द्रोणा सागर, सांस्कृतिक संध्या और दिवाली मेले का होगा आयोजन
काशीपुर। दीपावली पर्व की पूर्व संध्या पर इस वर्ष द्रोणा सागर एक बार फिर भक्तिमय रोशनी से नहाएगा। 16 अक्टूबर को यहां आयोजित होने जा रहे भव्य दीपोत्सव में 31 हजार दीप जलाकर प्रभु श्रीराम को समर्पित श्रद्धा और एकता का संदेश दिया जाएगा।
हिंदू राष्ट्र शक्ति द्वारा “एक दिया मेरा भी प्रभु को समर्पित” थीम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में इस बार सांस्कृतिक संध्या और दिवाली मेले का भी विशेष आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के पटौदी स्थित हरि मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव जी शिरकत करेंगे।कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे दिवाली मेले से होगी। इसके बाद 5 बजे पूज्य महामंडलेश्वर जी का प्रवचन होगा। 5:30 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और 6 बजे दीप प्रज्ज्वलन समारोह का आयोजन किया जाएगा।हिंदू राष्ट्र शक्ति के राष्ट्रीय प्रभारी संजय भाटिया और जिला अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, परंपरा और उत्सव की भावना को एक सूत्र में पिरोना है। दीपों की रौशनी, लोकगीतों, नृत्यों और धार्मिक प्रस्तुतियों से वातावरण भक्ति, आनंद और उल्लास से भरा रहेगा।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है। इस बार दिवाली मेले में खाद्य पदार्थों के अलावा हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों के आकर्षक स्टॉल भी लगाए जाएंगे। आम श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए किसी भी स्टॉल से शुल्क नहीं लिया गया है।आयोजकों का कहना है कि “यह आयोजन सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम को समर्पित भक्ति और एकता का दीपोत्सव होगा।”
