“25 वर्षों की विकास यात्रा का उत्सव — प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति से ऐतिहासिक बनेगा उत्तराखंड का रजत जयंती समारोह” हेमन्त द्विवेदी।
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि प्रगति पथ पर अग्रसर – हेमंत द्विवेदी
देहरादून, 8 नवम्बर 2025।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती समारोह इस बार ऐतिहासिक और भव्य होगा। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के देहरादून आगमन और राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने से पूरे प्रदेश में उत्साह और गर्व का माहौल है।
श्री द्विवेदी ने कहा कि बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आमजन प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुनने के लिए एफआरआई ग्राउंड, देहरादून पहुंच रहे हैं। शासन-प्रशासन के स्तर पर इस अवसर के लिए व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। अनुमान है कि लाखों की संख्या में लोग प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक संबोधन के साक्षी बनेंगे।
रजत जयंती पर्व उत्तराखंड की जनभावनाओं और विकास यात्रा का प्रतीक : द्विवेदी
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रजत जयंती पखवाड़े के रूप में यह पर्व मनाया जाना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह पर्व उत्तराखंड की जनभावनाओं, गौरवशाली परंपराओं और विकास यात्रा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में राष्ट्रपति द्वारा विधानसभा सत्र को संबोधित करना और अब प्रधानमंत्री का स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
श्री द्विवेदी ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उत्तराखंड ने पिछले 25 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन और धर्मस्थलों के विकास में उल्लेखनीय प्रगति की है।
चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्यटन को नई ऊँचाई
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रदेश में चारधाम यात्रा को नई ऊँचाई मिली है।
इस वर्ष चारधाम यात्रा में 50 लाख श्रद्धालुओं के आगमन से यह सिद्ध होता है कि उत्तराखंड धार्मिक पर्यटन का केंद्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि ऑलवेदर रोड, केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य, बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान और श्री केदारनाथ एवं हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं जैसे ऐतिहासिक कार्यों ने प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है।
नकल विरोधी कानून और युवाओं के लिए नई उम्मीद
श्री द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त नकल कानून लागू किया है। स्नातक स्तरीय परीक्षा लीक प्रकरण की एसआईटी और सीबीआई जांच चल रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी की प्राथमिकता युवाओं को रोजगार और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
राज्य आंदोलनकारियों को सम्मान और पेंशन वृद्धि – मुख्यमंत्री का स्पष्ट विजन
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री धामी ने शनिवार को राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों की पेंशन बढ़ाने की घोषणा की है, जो उनके स्पष्ट विजन और संवेदनशील नेतृत्व को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित करना अत्यंत सराहनीय पहल है।
डबल इंजन सरकार से प्रदेश में तीव्र विकास
श्री द्विवेदी ने कहा कि उत्तराखंड के चहुँमुखी विकास के पीछे केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की वजह से केंद्र पोषित और राज्य पोषित योजनाएँ बिना रुकावट के संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री स्वयं योजनाओं की मॉनिटरिंग करते हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था में गति और पारदर्शिता बनी रहती है।
श्री द्विवेदी ने कहा कि “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का एकमात्र फोकस राज्य का सर्वांगीण विकास है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड निश्चित रूप से देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।”
📢 मीडिया प्रभारी – बीकेटीसी
