Uttarakhand

नानकमत्ता में रजत जयंती वर्ष पर साहसिक खेलों की धूम जिलाधिकारी ने ऑफ-रोड साइकिलिंग को हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

नानकमत्ता। उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में नानक सागर तट साहसिक खेलों के उत्साह से गूंज उठा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन ऊधमसिंह नगर की ओर से तीन दिवसीय ऐडवेंचर ईको स्पोर्ट्स फेस्टिवल की शुरुआत शनिवार को हुई। यह उत्सव 9 से 11 नवम्बर तक चलेगा, जिसमें विभिन्न साहसिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है।

उत्सव के प्रथम दिन ऑफ-रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक विविधता राज्य में ईको-टूरिज्म और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए अपार संभावनाएँ रखती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से नानकमत्ता को नए साहसिक खेल केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं, विशेष रूप से महिला प्रतिभागियों की भारी भागीदारी देखकर हर्ष हो रहा है। यह प्रदेश में विकसित हो रही खेल संस्कृति और युवाओं की ऊर्जा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य की 25 वर्ष की यात्रा में ऐसे आयोजन पर्यटन को नई दिशा देने के साथ युवाओं को भी प्रेरित करेंगे।भदौरिया ने बताया कि नानक सागर क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और एडवेंचर गतिविधियों का अनोखा संगम है। यहाँ ऑफ-रोड साइकिलिंग के साथ हॉट एयर बैलूनिंग, कायाकिंग और अन्य वाटर स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों और प्रतिभागियों का आभार जताते हुए कहा कि जब प्रशासन, जनता और प्रतिनिधि मिलकर कार्य करते हैं, तो विकास की राह स्वाभाविक रूप से आगे बढ़ती है।आयोजन स्थल पर भारी जनसमूह और पर्यटकों की मौजूदगी रही। स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं की भागीदारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी गौरव पाण्डे, जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट, आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Shubham Mishra