Uttarakhand

मेट्रोपोलिस मॉल में आतंकी हमले से निपटने की मॉक ड्रिल, पांच ‘आतंकियों’ का एनकाउंटर कर चार बंधक छुड़ाए

रुद्रपुर। आतंकवादी गतिविधियों से निपटने की प्रशासनिक और पुलिस तैयारी का आकलन करने के उद्देश्य से शुक्रवार को ऊधम सिंह नगर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मेट्रोपोलिस मॉल, पंतनगर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया। अभ्यास में सुरक्षाबलों ने मौके की स्थिति को वास्तविक ऑपरेशन की तरह संभालते हुए पांच ‘आतंकियों’ को एनकाउंटर में मार गिराया और चार बंधकों को सुरक्षित मुक्त कराया।

अपर पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा उत्तराखण्ड के आदेशानुसार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में आयोजित इस मॉक ड्रिल का नेतृत्व एडीएम ऊधम सिंह नगर और पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर द्वारा किया गया।अभ्यास के दौरान परिदृश्य यह रहा कि डायल 112 पर सूचना मिली कि मेट्रोपोलिस मॉल में पांच आतंकियों ने चार-पांच लोगों को बंधक बना लिया है। सूचना मिलते ही थाना पंतनगर पुलिस टीम, ATS, BDS, PAC, SDRF, फायर यूनिट, चिकित्सा दल, यातायात व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर ऑपरेशन प्रारंभ किया। जवाबी कार्रवाई में एटीएस टीम ने सभी पांचों आतंकियों को “ऑन द स्पॉट” एनकाउंटर में ढेर कर दिया।घटना में किसी भी आम नागरिक या सुरक्षाकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। आतंकियों द्वारा अगवा किए गए सभी चार नागरिकों को सुरक्षित सकुशल मुक्त कराया गया। पूछताछ में सामने आया कि आतंकियों की मांग थी कि पंतनगर एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराया जाए ताकि वे सितारगंज जेल में बंद अपने साथी को छुड़वा सकें।

Shubham Mishra